कोंच=उरई । नदीगांव थाना क्षेत्र में बदमाशों ने लूट की दो घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। पहली घटना में महेशपुरा निवासी बाइक सवार दंपत्ति को बदमाशों ने तमंचा अड़ा कर लूट लिया जबकि दूसरी घटना ग्राम घिलौर निवासी एक व्यक्ति की बहन के साथ की गई लूट का है। जानकारी के मुताबिक नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रंजीत का डेरा के पास और खजुरी मोड़ पर यूपी-एमपी बॉर्डर पर दोपहर लगभग बारह बजे प्रदीप पुत्र हरवंश सिंह निवासी महेशपुरा अपनी पत्नी नीलेश को बाइक पर बिठा कर मध्यप्रदेश के जिला भिंड से अपने घर लौट रहा था तभी चार बदमाशों ने तमंचा अड़ा कर लूट की घटना कर डाली। इस घटना में महिला का मंगलसूत्र, कानों के झुमके, जंजीर तथा नकदी के अलावा मोबाइल भी लूट ले गये। छीना झपटी में महिला का कान भी फट गया है। इसी बीच माताप्रसाद पुत्र रामनारायण निवासी घिलौर अपनी बहन कौशल्या तथा पत्नी जयश्री को लेकर दिखाने जा रहा था तभी दो अज्ञात बदमाशों ने तमंचा लगा कर महिलाओं को लूट लिया। इस घटना में मंगलसूत्र, एक कान का बाला तथा कुछ नकदी बदमाश लूट ले गये। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रदीप और माताप्रसाद की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

Leave a comment