उरई। माधौगढ़ में शुक्रवार को दो दिन से लापता एक युवक का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस प्रारंभिक अनुमानों में इसे दुर्घटना का मामला जाहिर करने का प्रयास कर रही है।
गोपालपुरा निवासी अरुण समाधिया का पुत्र अंशुल (20वर्ष) पिछले पांच-छह महीने से माधौगढ़ में अपने मौसेरे भाई अवध बिहारी की चाय की दुकान पर काम करता था। 29 अगस्त को वह अचानक लापता हो गया। खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर माधौगढ़ थाने में 30 अगस्त को उसकी गुमशुदगी दर्ज कर दी गई। उसकी खोजबीन की जा रही थी कि शुक्रवार को किसी ने यूपी-100 पर फोन करके अवध बिहारी की दुकान के पास एक कुएं में उसके पड़े होने की जानकारी दी। इस पर सीओ गिरीश बिहारी सिंह भी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गये। युवक को कुएं से बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी के मुताबिक मृतक के बारे में बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने अभी तक न तो काई तहरीर दी है और न ही उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराया है। माधौगढ़ पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।






Leave a comment