जालौन-उरई। पुलिस के अभद्र व्यवहार से क्षुब्ध गल्ला व्यापारियों ने शुक्रवार को उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गल्ला व्यापारी संघ के महामंत्री प्रेमदास गुप्ता और भूरे मामा ने उप जिलाधिकारी को बताया कि गुरुवार को ढाई बजे दोपहर गल्ला मंडी में सोम ट्रेडर्स पर ग्राम औरेखी निवासी किसान अमित और विक्रम सिंह ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर गेंहूं बेचने आये थे उसी समय कोतवाली के सब इंस्पैक्टर उमेश सिंह फोर्स के साथ पहुंच गये और गेंहूं को कोटे की दुकान का बताकर विवाद करना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर किसानों और व्यापारियों से उनकी कहासुनी हुई। तो तैश में उन्होंने व्यापारियों के साथ अभद्रता करने की हिमाकत कर डाली। जिसके बाद से गल्ला मंडी की अनिश्चितकालीन बंदी की घोषणा कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह तानाशाही रवैया बर्दाश्त नही किया जायेगा। उमेश सिंह और उनके साथ आये पुलिस कर्मियों पर जब तक कार्रवाई नही होती गल्ला मंडी बंद रहेगी। इस मौके पर धर्मेंद्र दीवोलिया, चंद्रभान, रविकांत द्विवेदी, मंडी उपाध्यक्ष श्यामू गुर्जर, बृजमोहन निरंजन, जगदीश रिनियां, हरीओम अग्रवाल, रामू गुप्ता, कौशल गुप्ता, राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।






Leave a comment