* अधिकारी मौके पर, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
कोंच-उरई । कल से हो रही लगातार बारिश का असर दिखना शुरू हो गया है। शुक्रवार को जयप्रकाश नगर मोहल्ले में एक पुराना मकान अचानक ही भरभरा कर ढह गया जिसके मलबे में दब कर मां-बेटे घायल हो गये हैं। अधिकारी मौके पर पहुंच गये थे। पुलिस ने घायलों को निकलवा कर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के जयप्रकाश मोहल्ले की रहने बाली विधवा राजकुमारी सोनी पत्नी स्व. बालमुकुंद सिलाई आदि करके अपना परिवार चलाती है। शुक्रवार की अपरान्ह लगभग साढे चार बजे जब राजकुमारी अपने बेटे अमित जो पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहा है, अपने घर में थे तभी अचानक मकान भरभरा कर गिर गया और मां-बेटे दोनों उसके मलबे में दब गये। आनन फानन पुलिस व प्रशासन में बैठे अधिकारियों को मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी। नायब तहसीलदार राकेश राजपूत के अलावा कोतवाल देवेन्द्र सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये थे। आसपास के लोगों की मदद से घर के पिछबाड़े से किसी तरह पुलिस ने घायलों को मलबे से निकलवाया और मां-बेटे दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। नायब तहसीलदार का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पीडि़त को सरकारी मदद दिला दी जायेगी।
रोजी रोटी का साधन भी हो गया बर्बाद
कोंच।शुक्रवार को जयप्रकाश नगर में जिस विधावा राजकुमारी का घर गिर कर मलबे में तब्दील हुआ है वह कितनी गरीब महिला है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके परिवार में पांच लोग हैं जिनका भरण पोषण राजकुमारी के ही जिम्मे है। वह इसी टूटे फूटे घर में अपने दो बेटों अनिल व अमित तथा बड़े बेटे की पत्नी शालिनी तथा एक सात साल की नातिन अनामिका के साथ अपनी गुजर कर रही थी। बड़ा बेटा बेरोजगार है और छोटा बेटा गंभीर बीमारी से पीडि़त जिसके चलते घर की रोटी राजकुमारी सिलाई करके करती है। आज गिरे घर में उसकी सिलाई मशीन भी तहस नहस हो गई है। ऐसे में यह समझना ज्यादा मुश्किल नहीं है कि आने बाले दिनों में उसे किन मुसीबतों का सामना करना पड़ सकता है। उसके पास गिरे घर का मलबा हटवा पाने तक के लिये पैसे नहीं हैं।






Leave a comment