* पुलिस के हाथ आये बदमाशों के कुछ अहम् सुराग, जल्दी खुलासा कर देने का दावा

कोंच-उरई । नदीगांव थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई दोहरी लूट की घटनाओं से इलाके में दहशत है और लोग आने जाने में खासा ऐहतियात बरत रहे हैं। इधर, पुलिस का दावा है कि वह जल्दी ही मामले का खुलासा कर देगी क्योंकि उसके हाथ कुछ अहम् सुराग लगे हैं जिनके आधार पर वह आगे बढ रही है। पूरी संभावना इस बात की है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सीमावर्ती मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गये हैं। यह भी अंदेशा है कि बदमाश एमपी के ही रहने बाले हैं।

बुधवार की दोपहर नदीगांव थाना क्षेत्र में खजुरी मोड़ और रंजीत का डेरा के पास दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे अड़ा कर बाइक सवार महिलाओं के साथ लूट की दो वारदातों को अंजाम दिा था और भाग गये थे। वारदातों के बाद इलाके में बदमाशों की चहल कदमी को लेकर दहशत का माहौल है और लोग कहीं आने जाने में कतरा रहे हैं। पुलिस भी हालांकि भूसे के ढेर में सुई की तरह बदमाशों को खंगालने में जुटी है लेकिन अभी तक किसी भी प्रकार की सफलता उन्हें नहीं मिली है, अलबत्ता उसके हाथ कुछ अहम् सुराग जरूर लगे हैं। वारदातों को जिस तरह से अंजाम दिया गया है उससे साफ है कि इनमें एमपी के बदमाशों का हाथ हो सकता है। यह भी संभावना जताई गई है कि घटना के बाद बदमाश सीमा लांघ कर एमपी की सीमा में घुस गये हैं। एसओ अरुणकुमार तिवारी का कहना है कि उन्होंने इन घटनाओं को पूरी गंभीरता से लिया है और जल्दी ही बदमाश उनकी गिरफ्त में होंगे।

 

Leave a comment