* पुराना पशु चिकित्सालय मानकों पर खरा नहीं, जगह कम होने के कारण दूसरी जगह की हो रही तलाश

कोंच-उरई । कस्बे में दशकों पुराना पशु चिकित्सालय नये मानकों पर खरा नहीं उतर पाने के कारण विभाग को एक अदद ऐसे जमीन के टुकड़े की तलाश है जिस पर नये अस्पताल की इमारत की तामीर की जा सके। शुक्रवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कोंच आकर पालिका प्रशासन से अनुरोध किया है कि वह अस्पताल के लिये भूमि उपलब्ध कराये। इस पर ईओ नपा और सभासदों ने कांशीराम कॉलोनी के पास की जमीन उन्हें बताई है।

कोंच में तहसील मोड़ पर पुराना पशु चिकित्सालय अवस्थित है। इसकी इमारत दशकों पुरानी होने के कारण जर्जर स्थिति में पहुंच गई है जिसके चलते नये अस्पताल के निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई है और पैसा भी शासन ने साढे सोलह लाख रिलीज करते हुये कार्यदाई संस्था यूपीआरएनएस झांसी को इसके लिये नियुक्त कर दिया है। अब समस्या यह है कि जिस जगह पुराना अस्पताल है वह जगह नये मानकों पर खरी नहीं उतर रही है लिहाजा नये अस्पताल के लिये नई जमीन जिसका एरिया लगभग 250 वर्गमीटर हो, की दरकार विभाग को है। विभाग ने इसका अन्बेषण भी शुरू कर दिया है। शुक्रवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरपीएम गौर ने आकर ईओ नपा बुद्घिप्रकाश से मुलाकात की और जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। सभासदों से मशविरे के बाद लब्बोलुआब निकला कि कांशीराम कॉलोनी के पास पालिका की जो जमीन पड़ी है यदि वह पशु चिकित्सा विभाग को पसंद आती है और वे लिखित प्रतिवेदन करते हैं तो पालिका बोर्ड में इसका प्रस्ताव ला कर विभाग को जमीन उपलब्ध करा दी जायेगी। इस दौरान सभासद अनिल पटैरया, रविकांत कुशवाहा, बादामसिंह कुशवाहा, सुशील रजक, मुबारक कुरैशी, डॉ. रमेशचंद्र अलीगढ, डॉ. यादवेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।

 

Leave a comment