कोंच-उरई । नाला निर्माण नहीं होने के कारण हादसे लगातार हो रहे हैं। मामला ब्लॉक कोंच क्षेत्र के ग्राम पडऱी का है जहां कोंच-उरई रोड मेन रोड का नाला काफी गहरा है जिसका निर्माण होना बहुत ही जरूरी है। चौबीसों घंटे चलने बाले इस रोड पर दोपहिया और चार पहिया वाहन निकलते रहते हैं। ग्रामीणों ने रोड किनारे बनी नाली पर अस्थाई व्यवस्था बनवा कर किसी तरह कामचलाऊ व्यवस्था कर रखी थी जिससे गांव का पानी निकलने लगे।

कई दफा नाले के निर्माण के लिए ग्राम प्रधान तथा ग्रामीणों ने सांसद से मांग की लेकिन यह मांग कहीं नक्कारखाने में तूती की आवाज बन कर गुम हो गई। गौरतलब यह भी है कि इस रोड पर आवारा मवेशियों ने डेरा जमा रखा है जिनको बचाने के चक्कर में कल एक सवारी गाड़ी इसी नाले में चली गई थी जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाया जा सका। उसमें बैठी सवारियों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया था, उन्हें मामूली चोटें आईं थीं। बीती रात इन मवेशियों को बचाने के चक्कर में फिर एक ट्रक उसी नाले जा गिरा। गनीमत ये रही की रात का समय था अन्यथा यदि दिन होता तो बहुत बड़ा हादसा हो जाता। इसी रास्ते से अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगभग रोज ही निकलते हैं परंतु इन लोगों शायद यहां देखने की फुर्सत नहीं है। ग्राम प्रधान का कहना है कि इस नाले का निर्माण न होने से लोगों के घरों में पानी भरता है और पूरा गांव परेशान है।

 

Leave a comment