उरई। पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी ने शुक्रवार को देर रात आटा थाने का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी भी थे। इस दौरान लंबित विवेचनाओं को लेकर उन्होंने असंतोष प्रकट किया और जल्द से जल्द उनके निस्तारण की हिदायत दी।
नवागंतुक पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी के कल देर रात आटा थाना पहुंच जाने से हड़कंप मच गया। उन्होंने थाना कार्यालय, मैस, हवालात और अभिलेखों के रख-रखाव का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह और उनकी टीम के दरोगाओं के साथ लंबित विवेचनाओं और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी दर्ज आपराधिक मुकदमों की छानबीन को जल्द से जल्द अंजाम तक पहुंचाया जाये। विवेचनाएं लंबित रहना भी अपराध बढ़ने का एक कारण है। साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और संभावित अपराधों को रोकने के लिए ऐतिहाती कदम उठाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने तहसील संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, मुख्यमंत्री संदर्भित प्रार्थना पत्र, शासन से संबंधित प्रार्थना पत्र आदि के निस्तारण की हकीकत का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि लोगों की फरियाद का कागजी निस्तारण नही होना चाहिए। मौके पर जाकर सार्थक निस्तारण किया जाये तांकि पुलिस व्यवस्था में लोगों का भरोसा बढ़ सके।
थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह के अलावा रामजीत सिंह, महेश चौधरी, मुहर्रिर, आरक्षीगण सहित पूरा थाना स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a comment