उरई। अनुसूचित जाति उत्पीड़न और रेप के मुकदमें में नामजद आरोपियों ने एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने को झूठा फंसाये जाने की गुहार लगाई। उन्होंने एसपी से मामले की जांच कराकर मुकदमा खत्म कराने के लिए कहा।
कदौरा थाने के हरचंदपुर निवासी अमित पुत्र राजा सिंह और थाना कोतवाली उरई के ग्राम कुइया निवासी चंद्रपाल राजपूत पुत्र उदित नारायण और धर्मपाल यादव उर्फ भज्जू पुत्र कृपाल के खिलाफ हरचंदपुर की ही एक महिला के अदालत में 156 (3) सीआरपीसी के प्रार्थना पत्र के आधार पर गत 31 जुलाई को कदौरा थाने में दलित उत्पीड़न और रेप का मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपियों का आरोप है कि महिला और उसका परिवार पेशेवर तरीके से झूठा मुकदमा लिखाकर लोगों से पैसे ऐंठता है। ग्रामीण इस बारे में पहले भी मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेज चुके हैं। इसलिए उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमा खत्म कर महिला और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की जाये। एसपी ने इसकी जांच सीओ कालपी को सौंप दी है। प्रार्थना पत्र देने वालों में राकेश, मधुसूदन, नागेंद्र कुमार, बलवीर सिंह, अवधेश, रामनिवास, राजू, सेवा लाल आदि शामिल हैं।

Leave a comment