
*
कोंच-उरई । सरकारी काम काज का एक नायाब नमूना देखने को मिला नगर पालिका द्वारा बनवाये जा रहे सार्वजनिक शौचालय में जिसके बनने के पहले ही दीवारें चटकने लगी हैं। इस संबंध में पालिका के अधिकारियों का गोलमोल जबाब हैरान करने बाला है।
नगर को साफ स्वच्छ और ओडीएफ बनाने के लिये सरकारें करोड़ों रुपये खर्च कर रहीं हैं ताकि जनता के लिये शौचालयों की व्यवस्था कराई जा सके लेकिन इन शौचालयों के निर्माण में ही गुणवत्ता की पोलपट्टी खुल कर सामने आने लगी है। कस्बे के मोहल्ला गांधीनगर में सागर चौकी के ठीक सामने पालिका सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करा रही है। इस शौचालय में कुल आठ शौचालय बनने हैं जिनमें पांच महिलाओं के लिये और तीन पुरुषों के लिये। इस शौचालय का निर्माण किन मानकों के साथ किया जा रहा है इसकी बानगी खुद शौचालय ही हैं, इसकी पीछे की दीवार ऊपर से नीचे तक दरक गई है, इसके अलावा अंदर की तरफ से भी जोड़ दरक गये हैं। यह स्थिति तब है जब अभी शौचालय निर्माणाधीन ही हैं। जब इस संबंध में ईओ बुद्घिप्रकाश से पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है, जेई से पूछना पड़ेगा। इधर, जेई रामवीर का कहना है कि हो सकता है दीवारें पानी के कारण दरक गईं हों। अगर ऐसी कोई गड़बड़ी सामने आती है तो ठेकेदार का पेमेंट तब तक नहीं किया जायेगा जब तक कि पूरा कार्य ओके नहीं हो जाता है।






Leave a comment