उरई। कुठौंद ब्लाक परिसर में सोमवार को प्रधान संघ की बैठक हुई जिसमें मुख्य अतिथि क रूप में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन कौशल किशोर पांडेय ने भाग लिया।
बैठक में प्रधानों ने अपनी कई समस्यायें और मांगे रखीं। प्रधानों ने कहा कि उन्हें कम से कम 20 हजार रुपये का सम्मानजनक मानदेय दिया जाये, रीबोर हैण्डपंप के लिए अलग से बजट आवंटित किया जाये, पांच लाख रुपये तक के काम बिना टेंडर के कराने की अनुमति प्रदान की जाये, प्रधानों के खिलाफ कोई शिकायत बिना शपथ पत्र के मान्य न की जाये, चूंकि ग्राम पंचायत स्वयं कार्यदायी संस्था है इसलिए उसके कार्यक्षेत्र में किसी अन्य कार्यदायी संस्था के लिए उसकी मंजूरी अनिवार्य की जाये, अवर अभियंता, सचिव व सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाये, शासनादेश के तहत प्रधानों को 15 हजार रुपये सालाना यात्रा भत्ता तय है जो नही दिया जा रहा इसलिए नये सिरे से इसका शासनादेश जारी किया जाये।
प्रधान सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अजय दीक्षित ने की। इसमें सभी ब्लाकों के प्रधान मौजूद थे जिनमें किस्मान पाल, दिनेश शर्मा, प्रमोद कुमार, नीरज, सुनीता देवी, विनीता सिंह, प्रदीप दुबे, विजय शुक्ला, कमला देवी, अनीता गुप्ता, अर्चना तोमर, जगराम, शिवम, विनोद राजपूत, लखपत सिंह, विवेक सिंह, शिवदास गुप्ता, राजवीर, राजेश शर्मा आदि मुख्य हैं।

Leave a comment