उरई। अपने राज्य में विधानसभा चुनाव को देखते हुए मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के प्रशासन और पुलिस ने सीमावर्ती ग्रामों में सक्रिय रहने वाले तस्करों और अन्य अराजक तत्वों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई के लिए हाल ही में जालौन जिले के अधिकारियों से संपर्क किया था। जिसके नतीजे सामने आने लगे हैं। कैलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार ऐसे लोगों को पकड़ा जो मध्य प्रदेश से स्मैक और असलहों की तस्करी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि कोंच क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कैलिया व उनकी टीम द्वारा कल शाम सलैया तिराहे पर चैकिंग के दौरान दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर जा रहे चार संदिग्धों को पकड़ा। तालशी में इनके पास से 211 ग्राम स्मैक, डेढ़ किलों से ज्यादा गांजा और एक देशी तमंचा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रामबाबू निरंजन निवासी इमलौरी थाना कोंच, प्रमोद कुमार निवासी मोहल्ला जवाहर नगर कोंच, बृजपाल सिंह और लक्ष्मीकांत निवासीगण ग्राम पनिहारा थाना कोंच बताये गये हैं। दोनों मोटर साइकिलें भी जब्त कर ली गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामबाबू निरंजन पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आम्र्स एक्ट और चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

Leave a comment