कुठौंद-उरई। औरैया की सीमावर्ती शंकरपुर चौकी की पुलिस का रुपये लेकर बालू भरे ओवर लोड ट्रक को गुजारने का वीडियो वायरल होने से पुलिस प्रशासन मे हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
बार्डर की चौकी होने की वजह से शंकरपुर पुलिस की ओवर लोड बालू ट्रक की निकासी के मामले में पौ-बारह है। मध्य प्रदेश से ओवर लोड बालू भरकर चलने वाले ट्रक शंकरपुर चौकी की ओर से गुजरते हैं। हर रोज दर्जनों की संख्या में ऐसे ट्रकों को बिना किसी कार्रवाई के पुलिस द्वारा पार कराया जाता है। बुधवार को सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा ओवर लोड ट्रकों से वसूली का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया। जिससे पुलिस प्रशासन सन्नाटे में आ गया।
मालूम रहे कि ओवर लोड ट्रकों को लग्जरी गाड़ियों से लोकेशन लेकर निकलवाने वाले जमकर फीलगुड कर रहे हैं। जिसकी वजह से कुछ दिनों पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा की औरैया इकाई के उपाध्यक्ष विनय शुक्ला और पुलिस कर्मियों में उठापटक हो गई थी। फिर भी यह सिलसिला बंद नही हो सका है।

Leave a comment