उरई। उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी एल. वेकटेंश्वर लू ने कहा है कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के साथ-साथ मतदाताओं में किसी उददेश्य के तहत मतदान करने की सोच भी जागृत की जानी चाहिए तभी लोकतंत्र की सार्थकता स्थापित की जा सकेगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को दोपहर बाद मतदान जागरूकता पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करने आये मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने में तो कामयाबी हासिल की जा रही है। लेकिन उददेश्य पूर्ण मतदान के मामले में अभी हम पीछे हैं। जिसके कारण राजनीतिक कुरीतियों का अंत नही हो पा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग ने इसी को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह मतदान पाठशालाओं के कार्यक्रम आयोजित कराने की रूप रेखा बनाई है। उन्होंने समाज के सभी वर्ग के प्रबुद्धजनों से इस मामले में लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए अपनी सेवाएं देने को आगे आने का आवाहन किया।
कार्यशाला में जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह व कई अन्य विभागाध्यक्ष और सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों ने भाग लिया। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस दौरान अपने सुझाव मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सामने रखे।

Leave a comment