
आटा-उरई । आटा सहित आस पास के ग्रामीण अंचलों के मंदिरों में बुढ़वा मंगल का पर्व धूम धाम से मनाया गया । मंदिरों में चोला चढ़ाकर विभिन्न प्रकार से पूजन अर्चन कर हनुमान जी की भक्तिभाव से अभ्यर्थना की गई । सर्वाधिक भीड़ हाईवे पर स्थित संकट मोचन मंदिर में रही, जहां आटा एवं उरई शहर के अलावा 2 दर्जन से अधिक ग्रामों से उमड़े श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दरवार में मत्था टेका ।

मेले में दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ रही जिन्होने गृहस्थी के तमाम सामान की जाम कर खरीदारी की । इस मेला में कमेटी के द्वारा दंगल का भी आयोजन किया गया । क्षेत्रीय पहलवानों के अलावा दिल्ली, अलीगढ़, झांसी, हरियाणा , पंजाब , बरेली , रायबरेली आदि जगहों के पहलवानों ने इसमें कुश्ती के दांव पेंच दिखाये । महिला पहलवानों की भी कुश्ती हुए जिसका लोगों ने काफी आनंद लिया । मंदिर के सामने रोड पर भारी भीड़ होने के कारण सारे दिन वाहन कछुए की तरह रेंगते रहे । व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आटा पुलिस के अलावा उरई तथा क्षेत्र के अन्य थानों की पुलिस को भी लगाया गया था ।

मंदिर की कमेटी के द्वारा दर्शन करने वाले लोगों के लिए कतार की व्यवस्था की गई । श्रद्धालुओं के लिए पेय जल व्यवस्था का भी ख्याल रखा गया था । भजन कीर्तन का भी इस मौके पर आयोजन किया गया। कमेटी के अध्यक्ष गिरजा चरण राजपूत तथा बृज भूषण उर्फ गुड्डू विधायक चरखारी भी मौजूद रहे ।






Leave a comment