उरई। कदौरा में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अग्रणी स्थान घोषित करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी ने उन्हें सम्मानित और प्रोत्साहित किया।
कदौरा के रजा इंटर कालेज में दो वर्गों की दो चरणों में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें प्रथम चरण की 9 सितम्बर को आयोजित प्रतियोगिता में 143 छात्रों ने प्रतिभाग किया था। दूसरे चरण की 16 सितम्बर को हुई प्रतियोगिता में 57 छात्र शामिल हुए थे। इस ईवेंट को हुनर का संग्राम नाम दिया गया था।
गुरुवार को कालेज परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य विकास अधिकारी अवधेश बहादुर सिंह ने दोनों प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार व मेडल प्रदान किये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं से ही विद्यार्थी जीवन में चेतना का सही तरीके से विकास होता है। उन्होंने कहा कि उच्च स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी छात्र शाबाशी के हकदार हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेकर साहस और लगन का प्रदर्शन किया है। जिससे उम्मीद की जानी चाहिए कि भविष्य में वे भी किसी प्रतियोगिता में उच्च मुकाम हासिल करने में सफल होगें।
कार्यक्रम को नगर पंचायत अध्यक्ष जमीर आलम, अजहर बेग, डा. असद मियां ने भी संबोधित किया। परीक्षा आयोजक मो. शकील अंसारी ने प्रतियोगिता का पूरा विवरण मुख्य अतिथि को सुनाया। संरक्षक मुफ्ती अब्दुल बाहिद साहब और मो. शकील खान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। पर्यवेक्षक उमेश चंद्र सक्सेना ने आभार जताया। कई गांवों के लोग समारोह में शामिल हुए।

Leave a comment