कोंच-उरई । अचानक घटे अप्रत्याशित घटनाक्रम में कोंच और जालौन कोतवालियों के प्रभारी निरीक्षकों की आपस में अदला बदली हुई है। पुराने कोतवाल देवेन्द्र सिंह ने कोंच का चार्ज छोड़ कर जालौन में पदभार ग्रहण कर लिया है जबकि कोंच कोतवाली में नवागंतुक प्रभारी निरीक्षक संजयकुमार गुप्ता ने पदभार संभाल लिया है।

संजयकुमार गुप्ता ने गुरुवार को स्टाफ के साथ औपचारिक बैठक कर अपनी कार्यशैली के बारे में अवगत कराते हुये जरूरी दिशा निर्देश भी दिये हैं। उन्होंने अधीनस्थों से दो टूक कहा है कि कोतवाली में कोई भी फरियादी आये तो उसके साथ सभ्यता के साथ पेश आयें और उसकी समस्या गंभीरता के साथ सुन कर उसका निराकरण करें। अगर समस्या पुलिस से संबंधित नहीं है तो उसे जता दिया जाये कि समस्या अमुक विभाग की है। उन्होंने बीट गश्त पिकेट आदि के बाबत भी अधीनस्थों से जानकारी ली। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जुआ सट्टा जैसे अपराध पूरे समाज के लिये अभिशाप हैं और ये अन्य बड़े अपराधों के जनक हैं लिहाजा वह कोतवाली क्षेत्र से जुये और सट्टे के सफाये के लिये अभियान चला कर इन्हें जड़ से खत्म करने का पूरा प्रयास करेंगे। 1997 बैच के संजयकुमार गुप्ता हालांकि इस जिले के लिये नये नहीं हैं और कोंच से पहले उरई, कालपी और जालौन कोतवालियों में बतौर प्रभारी निरीक्षक काम कर चुके हैं जिसके चलते उन्हें जिले की भौगोलिक स्थिति और अपराधों की प्रकृति के बारे में अच्छी जानकारी है और इस अनुभव का फायदा कोंच में भी अपराध नियंत्रण में मिल सकेगा। इस दौरान एसएसआई दिलीप वर्मा, सागर चौकी इंचार्ज सर्वेशकुमार, सुरही चौकी इंचार्ज सुरेन्द्रकुमार सिंह, खेड़ा चौकी इंचार्ज अवधेशकुमार, मंडी चौकी इंचार्ज वीरेन्द्रसिंह, दरोगा कमलनारायण सिंह सहित समूचा स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a comment