भिंड । जिले की लहार विधानसभा सीट पर अपराजेयता का मिथक , कद्दावर कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश विधानसभा के सर्वश्रेष्ठ सदस्य के रूप में नवाजे जा चुके डॉ गोविंद सिंह के ख़िलाफ़ भाजपा द्वारा उतारे गए बाहुबली पूर्व विधायक रसाल सिंह ने सोमवार को जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना पर्चा दाखिल किया । उधर अटेर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार और विधायक हेमंत कटारे ने भी आज नामांकन दाखिल कर दिया । डॉ गोविंद सिंह मंगलवार को नामांकन करेंगे ।
रसाल सिंह पहली बार 1977 में विधायक चुने गए थे । उम्रदराज होने के कारण पार्टी द्वारा तय मानकों की वजह से उन्हें उम्मीदवारी की दौड़ से बाहर समझा जा रहा था । इस बीच उनका चुनाव के पहले ही गोविंद सिंह से निपट लेने का बयान सामने आने के बाद येन केन प्रकारेण लहार सीट हथियाने पर आमादा भाजपा ने रुख बदल लिया और रसाल सिंह के ही नाम पर मुहर लगा दी ।
लहार अब चुनाव क्षेत्र की बजाय रणक्षेत्र में बदल कर मध्य प्रदेश की सबसे संवेदनशील सीट के रूप में चिन्हित हो रहा है । चुनाव के दौरान किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से मतदाता अभी से डरे हुए हैं ।




Leave a comment