भिंड। लहार विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के सामने सिर मुंडाते ही ओला पड़ने की कहावत सामने आ गई जब चुनाव के पहले ही चक्र में उसे जबरदस्त बगावत का सामना करना पड़ा । 2003 के  चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे अंबरीष शर्मा ने उनकी बजाय पूर्व विधायक रसाल सिंह को टिकिट देने से नाराज हो कर बगावत कर दी और बसपा में शामिल हो गए ।

लहार में कांग्रेस के विधायक डॉ गोविंद सिंह का अपराजेय गढ़ भेदने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगा दी है जिसकी वजह से उसने उम्र के अंतिम पायदान पर खड़े रसाल सिंह को सारे मानक ताख पर रखकर उम्मीदवार बनाने का फ़ैसला किया । लेकिन उसके पाँसे उल्टे पड़ते जा रहे हैं । नामांकन के चरण में ही अंबरीष शर्मा की बगावत से उसकी पारी लड़खड़ाने पर आ गई है ।  अंबरीष शर्मा को शुक्रवार को बसपा द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने की स्थिति बनती जा रही है । स्थिति यह बनती जा रही है कि उसका सारा दारोमदार रसाल सिंह के बाहुबल पर जा कर टिक गया है लेकिन इसे भी चुनाव आयोग की सख़्ती की नजर लगने का अंदेशा है ।

Leave a comment