कोंच-उरई । शिक्षा के क्षेत्र में कोंच ऊंची छलांग लगाने बाला है, यहां नये राजकीय महाविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव आया है जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय को जूनियर लेबिल से माध्यमिक लेबिल में ले जाया जाना है। दोनों परियोजनाओं के लिये कोंच प्रशासन से भूमि उपलब्ध कराने के लिये कहा गया था जिसमें एसडीएम गुलाब सिंह ने दोनों परियोजनाओं के लिये भूमि उपलब्ध भी करा दी है। प्रारंभिक औपचारिकतायें निपटने के बाद इन पर जल्दी ही काम शुरू होने की उम्मीद है जिसका फायदा यहां के लोगों को मिलेगा।
राज्य परियोजना निदेशक सर्व शिक्षा अभियान राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के पत्र की रोशनी में जालौन जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर ने एसडीएम कोंच को पत्र लिख कर बताया है कि कोंच नगर क्षेत्र में संचालित कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय को उच्चीकृत किया जाना है जिसके लिये 35 गुणा 12.5 वर्गमीटर समतल भूमि की आवश्यकता है। यह भूमि मौजूदा विद्यालय से बमुश्किल तीन मीटर की दूरी पर होनी चाहिये। एसडभ्एम गुलाब सिंह ने संबंधित लेखपाल और राजस्व निरीक्षक के साथ मौजूदा विद्यालय में निरीक्षण किया और वहां मांगी गई भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव करा कर डीएम को भेज दिया है। दूसरी परियोजना कोंच में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को लेकर है जिसमें 5 हजार वर्गमीटर भूमि मांगी गई है। तमाम पड़ताल के बाद इस कॉलेज के लिये आईटीआई कोंच के समीप की भूमि का प्रस्ताव एसडीएम ने कराया है। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो प्राथमिक औपचारिकतायें पूरी हो जाने के बाद जल्दी ही दोनों परियोजनायें मूर्त रूप ले लेंगी।






Leave a comment