उरई । विगत एक साल से निर्विवाद तरीके से सकारात्मक रूप से अनाज बैंक अपने कार्य को पूर्ण कर रहा है। इसके लिए अनाज बैंक उरई टीम के सदस्य बधाई के पात्र हैं ही, साथ ही वे सभी सहयोगीजन भी साधुवाद के पात्र हैं, जिनके सहयोग से अनाज बैंक अपने उद्देश्य को पूरा कर पा रहा है। अनाज बैंक अपने उद्देश्य कि कोई भूखा न सोये के द्वारा शासन और प्रशासन का सहयोग ही कर रहा है। गरीब, मजबूर महिलाओं की भूख मिटाने के लिए अनाज बैंक का प्रयास सराहनीय है. उक्त विचार अनाज बैंक, उरई के नवम्बर माह के दूसरे वितरण के अवसर पर पूर्व सभापति कुँवर मानवेन्द्र सिंह ने व्यक्त किये।

उनका कहना था कि बिना किसी सरकारी मदद के सिर्फ जन सहयोग से ऐसे वितरण कार्यक्रम का नियमित रूप से संचालित होना समाज को सन्देश देता है कि अभी समाज में अच्छे लोगों की कमी नहीं हुई है। अनाज बैंक के कार्यों की पारदर्शिता से जिस तरह लोग लगातार अनाज बैंक में अपना जमा खाता खुलवा रहे हैं वह आने वाले समय में और अधिक महिलाओं के लिए सहयोग का माध्यम बनेगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट लल्लन राम ने वितरण कर वहां उपस्थित महिलाओं के स्वावलंबन और उनके स्वास्थ्य सम्बन्धी अनाज बैंक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अनाज बैंक द्वारा सिर्फ अनाज आटा देकर सहायता की खानापूर्ति नहीं की जा रही है वरन सक्षम महिलाओं को स्वावलंबी बनाये जाने के प्रयास भी किये जा रहे हैं ।  यह प्रयास अनुकरणीय है. ऐसे कार्यों से लोगों को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है । आज के वितरण में समाज सेविका सुमन सिंह राजा ने भी सहयोग देते हुए अनाज बैंक निदेशक डॉ० अमिता सिंह के प्रयासों की सराहना की. वितरण में परवीन, सुशीला, मुन्नी देवी, धनकुरा, नसरीन, रामकुंवर, सुमन देवी, फातिमा, आदि लाभार्थी महिलाओं सहित शशि सोमेन्द्र सिंह, डॉ० ममता स्वर्णकार, जीनत, सीमा, शिवेश सिंह, रोहित ठाकुर, धर्मेन्द्र कुमार, डॉ० कुमारेन्द्र सिंह सेंगर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment