उरई। शोहदों की छेड़खानी से तंग छात्रा ने कुए में कूद कर जान दे दी ।

सिरसाकलार थाना क्षेत्र के सरैनी गाँव निवासी रवीन्द्र कुमार विश्वकर्मा की 16 वर्षीय पुत्री 11 वीं कक्षा की छात्रा थी । गाँव के ही उसके सहपाठी रामवीर पाल पुत्र रामजी पाल और भरत पाल पुत्र राम अवतार पाल स्कूल आते जाते समय उसके साथ छेड़खानी करते थे जिसकी शिकायत उसने अपने पिता से की और स्कूल जाना छोड़ दिया । पिता लोकलाज की वजह से पुलिस के पास नहीं गया लेकिन बेटी को स्कूल जाते न देख शनिवार को उसे यह कह कर स्कूल जाने के लिए राजी कर लिया कि वे लड़कों की हरकतों की खबर उनके माता पिता को देंगे जिससे उन्हें फटकार कर सुधारा जा सके । इस पर वह स्कूल चली गई लेकिन उसे फिर दोनों लड़कों की बदसलूकी का शिकार होना पड़ा । इसकी वजह से क्षुब्ध हो कर वह रविवार को कुए में कूद गई । जब घर वालों को कुए में उसकी लाश पड़ी होने की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया । रवीन्द्र प्रजापति ने पुलिस में तहरीर दे दी है । अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने कहा कि दोनों के ख़िलाफ़ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने  का मुक़दमा दर्ज कर लिया गया है और उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जा रही है ।

 

Leave a comment