उरई। मंगलवार को दोपहर बाद  कोंच क्षेत्र में एक कार घुसिया मोड़ पर अचानक असंतुलित होकर लबालब नहर में जा गिरी। आनन फानन मौके पर पहुंचे लोगों ने कार में फंसे दोनों लोगों को निकाल कर ऐंबुलेंस से सीएचसी कोंच भिजवाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक एट थाना क्षेत्र के ग्राम पचोखरा के निवासी थे और रिश्तेदारी में ग्राम वोहरा जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई, एसडीएम गुलाब सिंह और सीओ संदीप वर्मा भी वहां पहुंचे ।

 

मिली जानकारी के मुताबिक कोंच से लगभग चार किमी दूर पिंडारी-कोंच रोड पर पिंडारी से कोंच की तरफ आ रही एक सफेद रंग की ब्रजा कार नं. यूपी 92 एक्स 8614 अनियंत्रित होकर घुसिया मोड़ पर नहर में जा गिरी। खेतों में काम कर रहे लोगों ने देखा तो वे मौके की ओर दौड़ पड़े और पुलिस तथा ऐंबुलेंस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही एसडीएम गुलाब सिंह, सीओ संदीप वर्मा, कोतवाल संजयकुमार गुप्ता, इंसपेक्टर कानून व्यवस्था दिनेशचंद्र, एसएसआई दिलीप वर्मा, महिला एसआई संजनासिंह, एसआई सर्वेशसिंह, एसआई सुरेन्द्रकुमार सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये थे। काफी मशक्कत के बाद पानी के अंदर कार में फंसे दो लोगों को शीशे तोड़ कर अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया तथा ऐंबुलेंस से सीएचसी कोंच भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया । गाड़ी नं. से जब ट्रेस किया गया तो उसके स्वामी का नाम सोमा टीहर निवासी पचोखरा निकला। सोमा का मायका कोंच के सुभाषनगर में बताया गया। दोनों मृतकों की शिनाख्त रामशंकर उर्फ जजमेंट पुत्र कन्हैयालाल तथा दूसरा उनके नौकर मंजुवन उर्फ लऊ पुत्र घनाराम अहिरवार दोनों निवासी पचोखरा के रूप में की गई। मृतकों के परिजन सीएचसी पहुंच गये थे। उन्होंने बताया कि दोनों किसी काम से ग्राम वोहरा जा रहे थे। शवों का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।

Leave a comment