
कालपी-उरई । तहसील कंपाउंड में श्रम विभाग के तत्वावधान में बुधवार को योजित शिविर में उपस्थित लेखपाल, कानूनगो और पंचायत सचिवों को श्रमिकों के हितों के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए गतिशीलता से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए।
शिविर की अध्यक्षता करते हुये उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि मजदूरों के हितों के लिए सरकार के द्वारा तमाम प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। इसलिए शासन की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए आप लोग श्रमिकों को जागरूक कर उनका पंजीकरण करायेँ । श्रम प्रवर्तन अधिकारी आर.के. चतुर्वेदी ने कहा कि 185 पंजीकृत श्रमिकों की मृत्यु इस वित्तीय वर्ष में हो चुकी है। उनके परिजनों को लाभान्वित करने के लिए शिविर लगाया गया गया है। उन्होंने विभाग के द्वारा संचालित कन्या विवाह सहायता योजना, श्रमिक पेंशन योजना, अक्षमता पेंशन योजना, विकलांग मृत्यु श्रमिक पेंशन योजना, अन्तेयेष्टि एवं मृत्यु सहायता योजना के बारे में जानकारियां दी। इसी प्रकार उन्होंने चिकित्सा सहायता योजना के बारे में अवगत कराया कि श्रमिक का पंजीकरण होने के बाद तीन हजार तक की सहायता उन्हें इलाज हेतु प्रदान की जाती है । मातृत्व शिशु लाभ योजना तथा बालिका मदद योजना के बारे में उन्होंने सिलसिलेवार जानकारियां दीं । उन्होंने कहा कि सभी श्रमिक श्रम विभाग में पंजीकरण अवश्य करा लें। शिविर में तहसीलदार सालिकराम, नायब तहसीलदार भान सिंह, वरिष्ठ सहायक दिनेश शर्मा, विकास खंड अधिकारी अजितेश सिंह समेत सरकारी विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।





Leave a comment