बंगरा –उरई । हाथों में झंडा, लबों पर नात कुछ इस अंदाज में यहाँ बुधवार को मुसलमान भाईयों ने ‘जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी’ निकाला जिसमें भारी जन सैलाब उमड़ा । सुबह 11 बजे पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था में जुलूस का आगाज हुआ जिसमें बंगरा चोकी इंचार्ज परविंदर सिंह, हरगोविंद कुमार, अनिल कुमार मुस्तैदी से डटे हुए थे । जुलूस कादरिया मदरसा से बाजार होते हुए बंगरा मैन मार्केट से मस्जिद तक मदरसा कमेटी के तत्वावधान में निकाला गया । इसके बाद जश्न- ए- आमदे रसूल जलसा हुआ जिसमें अकीदतमंदों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और मस्जिद में नमाज़ अदा कर एक दूसरे को गले लगाया । इसमें हाजी मोहम्मद , इस्लाम बाबू ,जमील खान मंसूरी, गुड्डन मंसूरी , हजरत इमाम इकरार मंसूरी, बरकत अली ,इसरार खान , इरफान मंसूरी ,परवेज खान आदि सभी प्रमुख लोग शामिल रहे ।
गौरतलब है कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदायश को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी या ईद-ए-मिलाद के तौर पर मनाया जाता है। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक इस्लाम के तीसरे महीने रबी-अल-अव्वल की 12वीं तारीख, 571ईं. के दिन इस्लाम के सबसे महान नबी और आखिरी पैगंबर का जन्म हुआ था। उनके जन्म की खुशी में मुस्लिम मस्जिदों में नमाज़ें अदा करते हैं। रातभर मोहम्मद को याद कर प्रार्थनाएं कर जुलूस निकालते हैं, मजलिसे निकालते हैं ।





Leave a comment