कोंच-उरई । नगर के एक लाल ने एनडीए में चयनित होकर कोंच का नाम रोशन किया है। एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार के इस होनहार बेटे ने यह सफलता पहले ही प्रयास में अर्जित कर अपनी प्रतिभा सिद्घ कर दी है। कस्बे के टीवी रिपेयरिंग की दुकान चलाने बाले मोहल्ला पटेल नगर निवासी दिवीश चंद्र शुक्ला और शशि शुक्ला के होनहार बेटे अश्विनी शुक्ला शुरू से ही मेधावी छात्र रहा है और प्राथमिक शिक्षा नगर के एसएन गुप्ता पब्लिक स्कूल से प्राप्त कर उरई के वीएसबी में दाखिला ले लिया और सैनिक स्कूल की तैयारी करने लगा। सैनिक स्कूल में भी उसका चयन हो गया था और वर्तमान में वह यूपी सैनिक स्कूल लखनऊ में शिक्षारत है। एनडीए की परीक्षा उसने पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण करके अपनी प्रतिभा उजागर की है। उसकी इस सफलता पर शुभचिंतकों द्वारा बधाई देने का तांता लगा है। अश्विनी ने बताया कि शुरू से ही उसका रुझान सेना में अफसर बन कर देश की सेवा करने का रहा है और इसी क्षेत्र में उसने प्रयास प्रारंभ कर दिये थे। आज वह एनडीए में चयनित होने पर खुशी महसूस कर रहा है कि उसका सपना पूरा हो रहा है। इसका सारा श्रेय वह अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को देता है जिन्होंने हर कदम पर उसे प्रोत्साहन दिया।

 

Leave a comment