• मृतक बिजली विभाग में संविदाकर्मी तो नहीं था लेकिन बिजली सुधारने का काम करता था

कोंच-उरई । भेंड़ गांव में बिजली की बिगड़ी लाइन ठीक करने के लिये पोल पर चढे एक युवक की उस वक्त मौत हो गई जब अचानक ही तारों में करंट प्रवाहित होने लगा। घटना बुधवार सुबह की है, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वहां जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर एसडीएम कोंच गुलाब सिंह के अलावा कोंच, कैलिया और नदीगांव थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया था और ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम खुलवाया। हालांकि मृतक बिजली विभाग में संविदा पर काम नहीं करता था लेकिन लाइनमैनों के सहयोग के लिये लाइन रिपेयरिंग का काम जरूर करता था। स्थानीय प्रशासन ने उसके आश्रितों को सरकार इमदाद दिलाने का भरोसा दिया है।

जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेंड़ में बुधवार की सुबह लगभग सात बजे एक युवक राजीव उर्फ बट्टू (32) पुत्र आनंद प्रजापति निवासी ग्राम रनवां थाना कोतवाली जालौन कल से बिगड़ी बिजली की लाइन को ठीक करने के लिये एचटी लाइन पर काम कर रहा था। इसी बीच अचानक तारों में करंट प्रवाहित होने लगा और करंट खाकर राजीव बुरी तरह झुलस कर नीचे जमीन पर आ गिरा जिससे मौक्े पर ही उसकी मौत हो गई। उसकी मौत पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कोंच-जालौन मार्ग पर जाम लगा दिया जिससे यातायात ठप हो गया। सूचना मिलने पर एसडीएम गुलाब सिंह, सीओ जालौन संजय शर्मा, कोतवाल कोंच संजयकुमार गुप्ता, इंसपेक्टर जालौन क्राइम अनिलकुमार, इंसपेक्टर कैलिया लखनसिंह, इंसपेक्टर नदीगांव शिवगोपाल वर्मा सहित तीन थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया और सरकारी इमदाद दिलाने का भरोसा दिया तब कहीं जाकर जाम खुल सका। शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। जेई विद्युत ग्रामीण संजय ने बताया है कि मृतक उनके विभाग में संविदा कर्मी नहीं है। बताया गया है कि वह प्राइवेट तौर पर लाइनमैनों का सहयोग लाइन रिपेरियरिंग में करता रहता था। मृतक के पांच साल की एक बेटी और दो साल का बेटा भी है। एसडीएम का कहना है कि चूंकि मृतक किसान है लिहाजा किसान दुर्घटना बीमा तथा पारिवारिक लाभ योजना के तहत उसे इमदाद दिलाई जायेगी।

Leave a comment