उरई । कैलिया थाना क्षेत्र में 2 बच्चों की खेत तालाब में डूब कर मौत हो गई । हादसे की जानकारी प्रशासन और पुलिस को नहीं है क्योंकि उनके परिजनों ने डाक्टर के यहां से शव लाने के बाद सीधे नदी में प्रवाहित कर दिये ।
देर से मिले समाचार के अनुसार कैलिया थाने के सलैया बुजुर्ग गाँव में खेत तालाब योजना के तहत लगभग एक दर्जन लघु और सीमांत किसानो ने अपने खेतो पर तालाब खुदवाए है। ग्राम सचिवालय के पीछे बाबू अहिरवार उर्फ छक्कू के खेत का तालाब पास मे झरना होने से लबालब रहता है । रविवार को सुबह गाँव के पाँच बच्चे इस तालाब मे नहाते हुए खेलने लगे। इस बीच दो बच्चे लापता हो गए। जब काफी देर तक वे तालाब मे नहीं दिखायी दिये तो घबराये अन्य बच्चों ने गाँव पहुच कर इसकी जानकारी दी। नतीजतन गाँव मे हड्कंप मच गया। लापता बच्चों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुँच गए जिसके बाद बच्चों को तालाब के भीतर से अचेत हालत मे निकालकर समीपवर्ती देवगांव मे एक निजी चिकित्सक के यहा ले जाया गया जहाँ उन्होने दोनों को मृत घोषित कर दिया । मृत बच्चों के नाम प्रियांश (10 वर्ष) पुत्र गुलाब सिंह और लला (9 वर्ष) पुत्र पप्पू अहिरवार बताये गए है ।







Leave a comment