
जालौन। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए। यदि कोई अराजकता फैलाने की कोशिश करे तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई करें। वहीं कोरोना महामारी को देखते हुए सोशल डिस्टेंस का पालन कराएं। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। यह निर्देश एसपी ने कोतवाली में सर्किल के तीनों थानों का अर्दली रूम करते हुए अधीनस्थों को दिए। इस दौरान एसपी ने कोतवाली परिसर में पौधों का भी रोपण किया।
एसपी डा. सतीश कुमार ने मंगलवार को कोतवाली में सर्किल के कुठौंद, सिरसा कलार व जालौन सहित तीनों थानों का अर्दली रूम किया। सबसे पहले उन्होंने कोतवाली में साफ सफाई व्यवस्था को देखा जिससे वह संतुष्ट नजर आए। कोतवाली गेट के पास जलभराव को देखकर उन्होंने पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह कोतवाली में कोरोना हेल्प डेस्क पर मास्क, हैंड सेनेटाइजर आदि सामग्री की उपलब्धता को देखा। उन्होंने तैनात कर्मचारी को निर्देश दिए कि कोतवाली में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के हाथों को सेनेटाइज कराएं। साथ ही बिना मास्क के किसी भी व्यक्ति को कोतवाली में प्रवेश की अनुमति न दें। इसके अलावा उन्होंने मालखाने व अभिलेखों के रखरखाव को भी देखा और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। लंबित विवेचनाओं के बारे में जानकारी लेने पर पता चला कि जालौन में 49, कुठौंद में 39 व सिरसा कलार में 23 विवेचनाएं लंबित हैं जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश एसपी ने विवेचकों को दिए। अधीनस्थों के साथ बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए। यदि कोई अराजकता फैलाने की कोशिश करे तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई करें। महिला अपराधों और आईटी अपराधों पर विशेष नजर रखें। वहीं कोरोना महामारी को देखते हुए सोशल डिस्टेंस का पालन कराएं। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। इस मौके पर सीओ सुबोध गौतम, कोतवाल रमेश चंद्र मिश्रा, एसएसआई आनंद कुमार, चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित, गंगासागर, शाहजहां, देशराज सिंह, कुठौंद प्रभारी अरुण तिवारी, सिरसा कलार प्रभारी ओमप्रकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।







Leave a comment