अलग अलग धर्मों के होने कारण परिजनों के तैयार न होने पर उठाया कदम
जालौन। नगर के अलग अलग धर्म के युवक व युवती मंगलवार को कोतवाली पहुंच गए जहां उन्होंने पुलिस से उनका विवाह कराने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की जिसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को कोतवाली बुलाया। परिजन दोनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
मंगलवार की सुबह बाइस वर्षीय युवक मोहल्ले की ही अपनी अट्ठारह वर्षीय प्रेमिका के साथ कोतवाली पहुंचा जहां दोनों ने पुलिस को बताया कि वह दोनों अलग अलग धर्मों से हैं। दोनों बालिग हैं और आपस में प्रेम करते हैं। साथ ही स्वेच्छा से विवाह भी करना चाहते हैं लेकिन परिजन इस विवाह के लिए तैयार नहीं हैं जिसके चलते दोनों अपनी सुरक्षा के लिए और शादी कराने के लिए कोतवाली आए हैं। जब पुलिस को पता चला कि युवती मुस्लिम व युवक हिंदू है तो पुलिस ने समझदारी से काम लेते हुए दोनों के परिजनों को मामले की जानकारी दी और उन्हें कोतवाली बुलाया जहां दोनों के परिजन उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे। उक्त संदर्भ में कोतवाल रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि दोनों के परिजनों को बुलाया है जिनसे पूछता छ चल रही है। यदि उचित होगा तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment