जालौन। न्यायालय में विचाराधीन मामले की रंजिश को लेकर गैस एजेंसी मालिक के साथ चार लोगों ने मारपीट कर पांच हजार रुपए लूट लिए। गैस एजेंसी मालिक की शिकायत पर न्यायालय ने पुलिस को मामला दर्ज कर विवेचना करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जालौन गैस एजेंसी के संचालक छिरिया सलेमपुर निवासी प्रभुदयाल भाटिया ने बताया कि मोहल्ला रावतान निवासी दिनेश व राघवेंद्र के खिलाफ उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय में विचाराधीन मामले को लेकर दोनों उनसे रंजिश मानते हैं और समझौता का दबाव बनाते हैं। जब उन्होंने समझौता करने से इनकार किया तो बीती 1 दिसंबर 2020 को दिनेश व राघवेंद्र अपने दो साथियों के साथ उनकी एजेंसी पर आए और गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। इतना ही नहीं जेब में रखे पांच हजार रुपए भी लूट ले गए थे। मारपीट के दौरान उनके पैर में चोट आई थी। इस मामले में जब पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दो माह पुराने मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस विवेचना कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी। 

Leave a comment