जालौन। चार माह पूर्व ग्राम औरेखी में महिला का शव गांव के बाहर स्थित मलंगा नाले में मिला था। उक्त मामले में मृतका के पति ने दामाद व उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस द्वारा मामले की संज्ञान न लेने के चलते पीडि़त पति ने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरेखी निवासी महिला फूलकुंवर (45 वर्ष) पत्नी मुन्नालाल बीती 16 सितंबर को खेत पर जानवर चराने गई थी। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश की जिसमें महिला का शव गांव के बाहर मलंगा नाले में मिला था। उक्त मामले में पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम में महिला की मौत पानी में डूबने से होना बताई गई थी। मृतक महिला के पति मुन्नालाल का आरोप था कि रेंढऱ थाना क्षेत्र के ग्राम गोवर्धनपुरा निवासी दामाद शिशुपाल उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त करता था। उसने बेटी को भी घर से निकाल दिया था जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन था। उक्त मामले में दामाद समझौता का दबाव बना रहा था। जब उसने समझौता नहीं किया तो दामाद शिशुपाल ने पप्पू, शिवपाल व मुन्ना निवासी गोवर्धनपुरा थाना रेंढऱ के साथ जानवर चराने गई पत्नी की हत्या कर उसके शव को मलंगा नाले में फेंक दिया। पति ने आरोप लगाया कि इसकी शिकायत उसने सीआे व एसपी से लेकर अन्य उच्चाधिकारियों से की लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई जिसके बाद उसने न्यायालय का सहारा लिया। वहीं न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी कोतवाली अनिल कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment