उरई। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार 4 फरवरी 2021 से 4 फरवरी 2022 तक की अवधि में चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया जाना है जिसके क्रम में जनपद में चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव का भव्य रूप से शुभारंभ किया गया जिसमें विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रात: प्रभातफेरी निकाली गई। मुख्य कार्यक्रम ग्राम पंचायत हदरुख (शहीद स्थल) ब्लाक कुठौंद में आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उप्र सरकार एवं जनपद प्रभारी मंत्री नीलिमा कटियार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।प्रभारी मंत्री द्वारा सर्वप्रथम गार्ड आफ आनर के पश्चात सम्मानित अतिथिगण द्वारा बुके देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात प्रभारी मंत्री द्वारा शहीद स्थल पर शहीद राजवीर सिंह सेंगर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित की गई। इसी क्रम में विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन, जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना जी, जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह सहित सम्मानित जनप्रतिनिधियों द्वारा शहीद के चित्र पर माल्यर्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के बच्चों द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्ततु किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा शहीद के परिजनों श्याम दुलारी पत्नी स्व. शहीद हवलदार को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत लक्ष्मण सिंह नाती स्व. शहीद कपूर सिंह, जयराम प्रजापति स्व. शहीद सिपाही रामसनेही, उमा सिंह पत्नी स्व. राजवीर सिंह, उदयवीर सिंह पुत्र स्व. शहीद कपूर सिंह को विधायक सदर, विधायक माधौगढ़ एवं जिलाधिकारी द्वारा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। तत्पश्चात वंदे मातरम उपस्थित सभी लोगों द्वारा वंदे मातरम गायन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, विधायकगण एवं जिलाधिकारी द्वारा चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव के संबंध में अपने अपने विचार प्रकट किए। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे वर्ष भर चलाया जाएगा जो प्रत्येक शहीद स्थल पर कार्यक्रम संपन्न किए जाएंगे। इसके उपरांत सूचना विभाग द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना गया। प्रधानमंत्री द्वारा अपने संबोधन में यह भी कहा गया कि चौरी चौरा में जो भी हुआ वह सिर्फ एक थाने में आग लगाने की घटना नहीं थी इससे एक बड़ा संदेश अंग्रेजी हुकूतम को दिया गया। इस घटना को इतिहास में सही जगह नहीं दी गई है लेकिन हम उन शहीदों को नमन करते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि बजट में किसानों के लिए कई कदम उठाए गए हैं। मंडी में किसानों के फायदे के लिए फसल बेचने की आजादी होगी। सरकार द्वारा लिए गए सभी फैसले किसान के लाभ का आधार बनेंगे और किसानों की जमीन पर किसी की भी बुरी नजर नहीं पड़ेगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पांच रुपए का चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव का डाक टिकट जारी किया। उन्होंने कहा कि देश को कभी चौरी चौरा की घटना नहीं भूलनी नहीं चाहिए। हमारे वीर सपूतों ने इस देश को आजाद कराने में अपना बलिदान किया है। कार्यक्रम में सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर द्वारा प्रभारी मंत्री एवं विधायकगण तथा अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराए जाने पर अधिकारियों तथा उपस्थित जनसमूहों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में प्रभारी मंत्री द्वारा खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहीद स्थल परिसर में कबड्डी का भी आयोजन किया गया। इसी प्रकार जनपद के अन्य तहसीलों में भी चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव के अवसर पर शहीद स्थलों पर कार्यक्रम संपन्न कराए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी जालौन गुलाब सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए शशिकांत द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।







Leave a comment