उरई। अंडर-16 जोन क्रिकेट प्रतियोगिता में मेजबान जालौन अजेय रहा। रविवार को उसने इटावा ए को 21 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे फाइनलिस्ट का निर्णय मंगलवार को होने वाले मैच से होगा। इसमें जो जीता वही फाइनल खेलेगा।शहर के जमुना देवी ग्राउंड पर खेले गए मैच में दर्शकों की भारी संख्या के बीच रोमांचक मैच हुआ। जालौन ने पहले बल्लेबाजी कर 29.3 ओवर में 162 रन बनाए। असित पिपरैया और अक्षय प्रताप ने पहले तीन ओवर में आक्रामक अंदाज में 29 रन कूट डाले लेकिन इसके बाद आए चाइनामैन गेंदबाज देवांश चतुर्वेदी ने गजब की गेंदबाजी कर बल्लेबाजों को नचा डाला। अक्षय और असित के आउट होने के बाद टीम दबाव में आ गई। इसके बाद कुलदीप और राजदीप ने 37-37 रन बनाकर टीम के ऊपर से दबाव हटाया। असित ने 10, अक्षय प्रताप ने 20 और साहिल ने 10 रन बनाए। पूरी टीम 162 रन पर 30 वे ओवर में आउट हो गई। इटावा की ओर से प्रशांत ने तीन और देवांश ने दो विकेट लिए। इटावा के बल्लेबाज भाग्यशाली रहे। कई आसान कैच क्षेत्र रक्षकों के टपकाने से उन्हें संभलने का मौका मिल गया। ईशाक ने जबरजस्त बैटिंग कर 44 रन बनाए। वह जब तक क्रीज पर रहे इटावा को मुकाबले में बनाए रखा। इसके अलावा देवांश ने 25 और प्रशांत ने 14 रन बना कर उनका साथ दिया। 27 वेें ओवर में इटावा टीम 141 रन पर आउट होकर 21 रन से हार गई। जालौन की ओर से अंशु पाल और अनुज कुशवाहा ने तीन-तीन और प्रिंस ने दो विकेट लिए। मैन आफ द मैच अनुज रहे। इस जीत के साथ जालौन ने फाइनल में प्रवेश पा लिया। अब मंगलवार को होने वाले मैच से तय होगा कि फाइनल खेलने वाली दूसरी टीम कौन होगी। अंपायर सुशील दीक्षित और गोविंद चौहान रहे। स्कोरिंग निखिल और विराट ने की। कमेंटेटर का दायित्व उत्तम और पुष्पेंद्र ने निभाया। इस दौरान नीरज पाठक, विनय सेंगर, मानवेंदए्र पिपरैया, जुझार राजपूत, संदीप सेंगर, दिवाकर शास्त्री, बबलू प्रधान, राजीव तिवारी, गौरव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a comment