शैक्षिक महासंघ ने सौंपा ज्ञापन, अंर्तजनपदीय स्थानान्तरण पर आये शिक्षकों की काउंसलिंग में पारिदर्शिता की मांग


उरई। अंर्तजनपदीय स्थानान्तरण के तहत जनपद में आये शिक्षकों की पदस्थापना पारदर्शितापूर्वक करने की मांग करते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की स्थानीय इकाई के पदाधिकारियों ने जिला महामंत्री इलियास मंसूरी के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेम चन्द्र यादव को ज्ञापन सौपा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि काउंसलिंग में जिन विद्यालयों को विकल्प के रूप में खोला जाना है उनकी सूची अविलम्ब चस्पा की जाये जिससे शिक्षक शिक्षिकाओं को अपने निवास स्थान के नजदीक विकल्प चुनने में आसानी रहे। 29 जनवरी के शासनादेश के अनुरूप जनपद में आये हुए अध्यापकों की संख्या में 5 अतिरिक्त रिक्तियों को जोड़ते हुए विद्यालयों की सूची प्रकाशित की जाये। साथ ही यह सूची और उनके रिक्त या भरे जाने की स्थिति को प्रोजेक्टर के माध्यम से ऐसे स्थान पर प्रदर्शित किया जाये जहां से सभी अभ्यर्थी आसानी से देख सकें। अभ्यर्थियों को अपने विद्यालय का विकल्प चुनने हेतु पर्याप्त समय दिया जाये। ऐसे अभ्यर्थी जिनके लाइफ पार्टनर सेना में हैं उन्हें इच्छित ग्राम पंचायत में स्थानान्तरण हेतु विकल्प चुनने में वरीयता दी जाये।
प्रतिनिधि मंडल में प्रदेशीय मीडिया प्रमुख बृजेश श्रीवास्तव, जिला आडिटर अखिलेश खरे, ब्लाक अध्यक्ष कदौरा आशीष कुमार, कार्यकारी ब्लाक अध्यक्ष नदीगांव कृष्ण गोपाल सिंह, आदि शामिल थे।

Leave a comment