उरई। पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा को फिर से कुशवाहा महासभा का प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया है। शहर के एक रेस्टोरेंट में पत्रकारवार्ता करके दिग्गज नेता शिवराम कुशवाहा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह गैर राजनैतिक संगठन है जिसमें सभी पार्टियों सजातीय लोग शामिल हैं। उन्होंने महानदल के अध्यक्ष केशवदेव मौर्य के बारे में कहा कि उनकी समाज में कोई खास पैठ नहीं है। वे राजनैतिक महत्वाकांक्षी व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि सपा में होते हुए भी उनके लिए समाज प्रथम है। कहा कि कुशवाहा समाज और इसके घटक सैनी, मौर्या व शाक्य जातियों को अभी भी अपनी संख्याबल के अनुपात में प्रशासन व राजनीति में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है।
स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर भी उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों में उनका कोई बहुत ज्यादा विश्वास नहीं है। वे अपनी व्यक्तिगत राजनीति को मजबूत बनाये रखने के लिए इधर से उधर पार्टियों में आते जाते रहते हैं और समाज की दुहाई देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुशवाहा व उसके घटकों की आबादी 12 प्रतिशत है और उसे राजनीति व प्रशासन में कम से कम इतनी ही जगह मिलनी चाहिए। वे अपनी राजनीति की शुरूआत से ही समाज की इस भागेदारी के लिए संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें उनका दल उनका बाधक नहीं है।
उन्होंने बताया कि पहले वे बहुजन समाज पार्टी में थे लेकिन मायावती ने समाज के लिए उनके द्वारा की गई रैलियों व यात्राओं से नाराज होकर उन्हें तिरस्कृत कर दिया। मुलायम सिंह उनके राजनीतिक गुरू थे इसलिए बाद में वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये।

Leave a comment