
उरई | विधानसभा चुनाव में भाजपा खेमे में मुख्य रणनीतिकार की भूमिका जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी निभा रहे हैं जिसका पार्टी को तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में फ़ायदा मिल रहा है | अनुरागी स्वयं किसी क्षेत्र से उम्मीदवार नहीं हैं पर वे इस तरह मेहनत कर रहे हैं जैसे खुद ही उम्मीदवार हों | भाजपा के कार्यकर्ता चुनाव में उनकी लगन और समर्पण को देख कर गदगद हैं और अपने लिए इसे मिसाल मान रहे हैं |

घनश्याम अनुरागी ने अपने राजनैतिक कैरियर की शुरुआत समाजवादी पार्टी से की थी और हमीरपुर जिले से आये अनुरागी ने ही जिले में समाजवादी पार्टी को लोकसभा चुनाव में पहली सफलता 2009 चुनाव जीत कर दिलाई थी | इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी सपा को सफलता दिलाई लेकिन तेजतर्रार होने से पार्टी के मठाधीश उन्हें पचा नहीं सके और उन्हें पार्टी से बाहर होना पडा | इसके बाद उन्होंने बसपा में ठिकाना हासिल किया पर बसपा का माहौल उन्हें रास नहीं आया जिससे लोकसभा चुनाव के पहले वे भाजपा में शामिल हो गए और 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के लिए जी जान से काम किया जिसका पुरस्कार पार्टी ने उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में उम्मीदवारी के लिए चुन कर दिया जिसमें वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे |
विधानसभा चुनाव में वे पार्टी का यह कर्ज पूरी वफादारी के साथ तीनों सीटों पर दिन रात मेहनत करके चुकाने का प्रयास कर रहे हैं जिसका असर साफ़ देखने को मिल रहा है | भाजपा ने उरई और माधौगढ़ में निवृतमान विधायकों की उम्मीदवारी बरकरार रखी है जिससे टिकट के दावेदार रहे पार्टी के अन्य नेता कसमसा रहे थे तो कालपी की सीट भाजपा को सहयोगी दल निषाद पार्टी के लिए छोडनी पडी जिससे वहाँ पार्टी के कार्यकर्ता भ्रमित थे | इस सिलसिले में अनुरागी ने ही रूठों को मनाने और घर बैठे कार्यकर्ताओं को उत्साहित कर बाहर निकालने में योगदान कर भितरघात की संभावना को एकदम समाप्त कर दिया |

अनुरागी कोरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं | उरई सदर सुरक्षित क्षेत्र में निवर्तमान विधायक गौरी शंकर वर्मा के लिए सजातीय वोटरों को सहेज कर रख पाने में बड़ी मुश्किलें पेश आ रही थी जिसमें अनुरागी ने अपने को पूरी तरह उनका संकटमोचक साबित किया | आज उनके आव्हान पर राम नगर में एस एस फ़ूड पर बुलाई गयी बैठक में कोरी समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए | उन्होंने भाजपा का समर्थन करने का जोरदार तरीके से भरोसा दिलाया |







Leave a comment