माधौगढ़- आग की छोटी सी चिंगारी ने कई किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद कर दी। बीस बीघा गेंहू की फसल आग की लपटों से राख हो गई। हालांकि आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि लाइट के तारों से यह आग लगी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस से लेकर एसडीएम तक मौके पर पहुंच गए लेकिन दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी।

माधौगढ़ के डिकौली गांव में लाइट के तारों से साढे 20 बीघा गेहूं की फसल आग लगने के कारण चौपट हो गई। छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते आग का भयानक रूप ले लिया और 20 बीघा फसल को कुछ ही पलों में राख कर दिया। सूचना मिलते ही गांव के ग्रामीण और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सभी लोगों ने अपने-अपने हाथों से पानी डालकर आग बुझाने का असफल प्रयास किया लेकिन तब तक किसानों की मेहनत राख में बदल चुकी थी। गांव के नत्थू बड़ेल,बबलू,रामेश्वर,राजू,सुखवीर सिंह और पूरन सिंह की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। आग की सूचना सबसे पहले डायल 112 को दी गई। जिसके बाद कोतवाली से एसएसआई गोकुल सिंह, चौकी इंचार्ज सुनील यादव, एसआई धीरेंद्र पटेरिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया पर सफलता हाथ न लगी और हवाओं के कारण खेत पूरी तरीके से जलकर राख हो गया। मौके पर उपजिलाधिकारी पुष्कर नाथ चौधरी भी पहुंचे। उन्होंने किसानों को ढांढस बांधते हुए कहा कि सरकारी तौर पर जो सहयोग हो सकता है,वह किसानों को किया जाएगा।

Leave a comment