ऊसर जमीन में जैविक खेती की लहलहाती फसल मंत्री को कर गयी अभिभूत

उरई | प्रदेश के उद्यान , कृषि विपणन,  कृषि विदेश व्यापार और कृषि निर्यात विभागों के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बुद्धवार  को झांसी जाते हुए अचानक सरसौखी मौजे में ऊसर जमीन पर चर्चा का विषय बनी लेमन ग्रास , सब्जियों और फूलों आदि की पूरी तरह विकार मुक्त सफल जैविक खेती वाले निजी  फ़ार्म का निरीक्षण किया | उन्होंने पूरे फ़ार्म का सघन भ्रमण किया | यहाँ किफायती  सिचाई और वर्षा जल संचयन  के लिए किये गए आधुनिक प्रबंधन को देख कर वे अभिभूत हो गए | उन्होंने इस खेती के मुख्य योजनाकार यश गुर्जर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि उन जैसे विजनरी युवा यदि आगे आने लगे तो प्रदेश में खेती की तस्वीर ही बदल जायेगी |

     उन्होंने यश से जानकारी ली कि इस तरह की खेती के लिए वे कहाँ से मार्गदर्शन लेते हैं , ऊसर में उपज की चुनौतीपूर्ण कल्पना उनके दिमाग में कैसे आई , इस साहसपूर्ण पहल का  जीवट दिखाने के लिए वे किसका श्रेय मानते हैं | यश ने उनकी हर जिज्ञासा का बहुत ही तर्कपूर्ण ढंग से समाधान किया तो वे और गदगद हो गए | उन्होंने कहा कि हर जगह युवा किसानों को खेती में इस तरह की पहल के लिए अग्रसर होना होगा | इस दिशा में उनकी उपलब्धि को वे प्रदर्शन का आधार बनायेंगे |

इसी दौरान उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार को भी टिप्स दिए | कहा कि वे ऐसी कृषि उद्यमिता में जुटे युवाओं के संपर्क में रहें और उनकी सक्सेस स्टोरी का अभिलेखीकरण कर उन्हें भेजें ताकि औद्यानिक  क्षेत्र में नयी क्रान्ति लाने की सरकार की मंशा पूरी हो सके | उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्यान के क्षेत्र में अभिनवीकरण को प्रोत्साहन के लिए कई सहायता कार्यक्रम घोषित किये हैं जिनकी जानकारी ऑन लाइन उपलब्ध है लेकिन अभी भी आम किसान डिजिटल माध्यमों से अनभिग्य हैं | इस कारण बेहतर होगा कि वे विभाग की योजनाओं से हर सप्ताह 100 किसानों को अवगत कराने का लक्ष्य बनाएं जिसके लिए विभाग खुद किसानों से संपर्क की पहल करे |  

Leave a comment