उरई | विश्व योग दिवस को भव्यता के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन ने सजीली परिकल्पना संजोयी है | प्राकृतिक सौन्दर्य और रमणीकता को ले कर अनूठे स्थल में गिने जाने वाले बेतवा के सला घाट को इस बार 21 जून को योग दिवस के उपलक्ष्य में सामूहिक योग प्रदर्शन का साक्षी बनाने के लिए चुना गया है |
यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि इस सिलसिले में सला घाट पर साफ़ सफाई की विशेष व्यवस्था के लिए संबंधितों को निर्देशित कर दिया गया है | राजनेता , अधिकारी गण और सभी श्रेणी के गणमान्य सला घाट पर बेतवा की दुर्लभ पाषाण शिलाओं पर सुबह निर्धारित समय पर योग गुरुओं के मार्गदर्शन और निर्देशन में योग मुद्राएँ साधेंगे | अनुमान के अनुसार इसके द्रश्य अत्यंत दर्शनीय होंगे जिसकी छटाएं इलेक्ट्रोनिक चैनलों के माध्यम से देश और प्रदेश भर में लोगों के लिए देखते ही बनेंगी |
सला घाट बेतवा के अथाह जल संग्रहण के लिए जाना जाता है और यहाँ से हिरणाकश्यप काल की कई पौराणिक किवदंतियां भी जुडी हुई हैं | सिंचाई विभाग ने जब यहाँ बैराज बनाने के लिए सन 2014 में सर्वे किया था तो प्रहलाद कुंड के पास बेतवा की गहराई 30 मीटर तक नापी गयी थी जो एक कीर्तिमान है | वर्तमान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह इस अनूठेपन के कारण ही सला घाट को तमाम जल परियोजनाओं से जोड़ने के साथ साथ देश भर में सैलानियों के लिए सबसे प्रलोभनीय पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने में भी जबरदस्त दिलचस्पी दिखा रहे हैं और यहाँ योग दिवस के आयोजन में जिला प्रशासन की सोच के पीछे उनकी भी बहुत बड़ी प्रेरणा है |








Leave a comment