उरई । विगत दिनों हुई अनवरत बारिश से जहां एक ओर नगर के नालों में बाढ़ आ गई और आवागमन ठप हो गया वही इस बरसात से मुख्य बाजार में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई जो नगर पालिका की कारगुजारी उजागर कर रहीं हैं।
आपको बता दें कि २ दिन तक हुई लगातार रिमझिम बरसात से नगर के मुख्य बाजार में लालमन हलवाई के सामने से लेकर बुंदेलखंड एजेंसी तक और कोंच रोड पर सुहाग महल से पुल के आगे तक और शहर में कई जगह सड़कें बुरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई हैं । दो पहिया और चार पहिया वाहनों से राहगीर हिचकोले लेकर गुजर रहा है और शासन प्रशासन पर बडबडाते जा रहा है। नगर पालिका की उदासीनता और प्रशासन की ढ़िलाई के कारण शहर के अंदर बना नाला चारों तरफ से अतिक्रमण का शिकार है | नगर पालिका व प्रशासन ने कभी भी नाली की सफाई कराने की जरूरत महसूस नहीं की जिसके चलते बरसात से नाले में बाढ़ आ गई और नाले के किनारे बसे लोगों का जीवन संकट में पड़ गया। वही रामकुंड के पीछे बजरिया जाने वाला पुल, श्मशान घाट के सामने रामनगर पुल का रपटा और जिला परिषद से बजरिया जाने वाला पुल पूरी तरह से जलमग्न हो गए। पुलों के जलमग्न होने से स्थानीय लोगों का आवागमन ठप्प हो गया | उन्हें चक्कर लगाकर अपने घरों में जाने को मजबूर होना पडा। लोगों का कहना है कि जब दो दिन की रिमझिम बरसात ने शहर का यह हाल कर दिया अगर कहीं कई दिन पहले की तरह जोरदार वर्षा हो गयी होती तो नगर का क्या हाल होता। इस दुर्दशा के लिए लोग नगर पालिका और जिला प्रशासन को कोसते नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन नगरपालिका के जरिए नालों की सफाई बरसात होने से पहले करा दिया करे तो शायद बारिश होने पर ऐसा भयावह नजारा देखने को न मिले।








Leave a comment