बेसहारा महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण देकर अपने पैरों पर खड़े होने की राह दिखायी


उरई। परमार्थ समाज सेवी संस्थान द्वारा ऊषा इंटरनेशनल के सहयोग से बेसहारा महिलाओं के लिए स्वरोजगार हेतु नौ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शनिवार को गहोई धर्मशाला में शिविर का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें ऊषा इंटरनेशनल की ओर से प्रशिक्षणार्थियों को मुफ्त सिलाई मशीन भेंट की गई।
शिविर में ऐसी महिलाओं ने प्रशिक्षण लेकर अपने परिवार के भविष्य के संबंध में रोशनी की राह तलानशने की मशक्कत दिखायी। एक महिला के शराबी पति ने नशे की जुंग में उसे छोड़ दिया जिससे उसको अपना जीवन अंधकारमय नजर आने लगा था। सिलाई कढ़ाई और बुनाई का प्रशिक्षण लेने के बाद इस महिला ने कहा कि उसकी उम्मीदें फिर से जाग गई हैं। उसे लगता है कि अब वह अपनी दम पर जिंदगी की गाड़ी खींचने में कामयाबी हासिल कर सकेगी। सिरसा दो गढ़ी की एक अन्य महिला की स्थिति और अधिक दयनीय है। उनके पति का स्वर्गवास हो चुका है और संतानों में चार लड़की व एक लड़के की परवरिश अब उन्हीं के सिर पर है। वे बहुत निराश थी कि इतने बड़े परिवार को जीविका के बिना किसी ठोस जरिये के कैसे संभाल पायेंगी। पर प्रशिक्षण के बाद उनका आत्मविश्वास जाग्रत हुआ और उन्हें अब विश्वास होने लगा है कि घर में ही आसपास के लोगों के लिए सिलाई, कढ़ाई करके वह बच्चों की परवरिश का जरिया हासिल कर सकेंगी भले ही वह जरिया डूबते को तिनके का सहारा जितना हो। कुछ महिलाओं के पति नशाखोरी में बर्बाद हैं। उनके लिए भी यह प्रशिक्षण मजबूत अवलंब बनकर सामने आया है। हालंाकि 65 वर्षीय निर्मला द्विवेदी भी हैं जिनका बेटा वायुसेना में है लेकिन उन्हें सिलाई सीखने का जुनून था। इसके लिए बेटे की मदद से पहले सीधे ऊषा इंटरनेशनल में संपर्क किया। इसके बाद परमार्थ के निदेशक अनिल सिंह से संपर्क किया जिन्होंने उनकी रूचि पूर्वक मदद की। निर्मला देवी ने भी शिविर में प्रतिभाग कर पूरा प्रशिक्षण लिया है।
समापन कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार केपी सिंह ने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किये। परमार्थ के निदेशक अनिल सिंह ने प्रशिक्षण की पूरी आयोजना पर प्रकाश डाला और कहा कि प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को आगे भी उनकी संस्था की ओर से जरूरत के हिसाब से मदद मिलती रहेगी। परमार्थ के कोषाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता टोनी ने भी महिलाओं को प्रोत्साहित किया। पत्रकार अचल शर्मा भी प्रोत्साहन के लिए कार्यक्रम में उपस्थित रहे।  

Leave a comment