उरई। बैंक खातों से जालसाजों द्वारा आनलाइन निकासी का सिलसिला बंद होने का नाम नहीं ले रहा। ऐसा ही एक मामला कुठौंद में प्रकाश में आया है। मजे की बात यह है कि पुलिस में शिकायत होने के बाद जालसाल का चेहरा उजागर होने की बजाय वह फिर एक बार अपने शिकार के खाते से रकम ले उड़ने में सफल हो गया।
विवरण के अनुसार कुठौंद की निवासी राजकुमारी पत्नी श्री रामकुमार सिंह का अपने गांव स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा मंे खाता है जिससे उन्होंने सात अगस्त को दस हजार रूपये की निकासी बिना पढ़ी लिखी होने के कारण अगूंठा लगाकर मैनुअल की थी लेकिन उनका खाता आनलाइन लेनदेन से भी जुड़ा है।
उक्त निकासी के बाद उन्होंने स्वयं कोई निकासी नहीं की इसके बावजूद दो सितम्बर से छह सितम्बर के बीच 10-10 हजार रूपये करके पचास हजार रूपये की निकासी आनलाइन के जरिये से किसी ने कर ली। जब राजकुमारी जालसाज की इस करतूत से अवगत हुई तो उनके होश उड़ गये। उन्होंने थाने में प्रार्थना पत्र देकर उसका पता लगाने के लिए साइबर क्राइम सेल को मामला सौंपने की गुहार लगाई।
लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी रही। उसकी लापरवाही का लाभ उठाकर जालसाज ने शिकायत के बाद 10 हजार रूपये की निकासी उनके खाते से फिर कर ली। राजकुमारी समझ नहीं पा रही कि जालसाज ने कहां से उसका अगूंठा स्कैन कर लिया है जिसका उपयोग करके वह लगातार उसे चूना लगाये जा रहा है। फिलहाल उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामला संज्ञान में लेकर जालसाज को दबोचने में मदद की गुहार लगाई है।







Leave a comment