जालौन-उरई । पालतू जानवरों के लिए घास लेने गए वृद्ध का पैर फिसला और वह मलंगा नाले में गिर गया। नाले में गिरने के कारण वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दलालनपुरा निवासी वृद्ध श्रीराम (62) पुत्र खरगू प्रसाद सोमवार की सुबह जानवरों के लिए चारा लेने प्रतापपुरा रोड स्थित बिरिया खेरा मंदिर के पास गए थे। मंदिर के समीप ही बहता हुआ मलंगा नाला भी है। इसी मलंगा नाले के किनारे वह चारा काट रहे थे। चारा काटने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह मलंगा नाले में गिरकर दलदल में फंस गए और बाहर नहीं आ सके। पानी में डूबने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो उनके पुत्र राहुल ने उनकी तलाश शुरू की। जब वह मलंगा नाले पर पहुंचे तो उनकी फट्टी मलंगा नाले के किनारे मिली। जब लोगों ने नाले में घुसकर देखा तो उनका शव बरामद हो गया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके शव को वहां मौजूद लोगों की मदद से नाले से बाहर निकलवाया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत के बाद पुत्र अजय कुमार, राहुल व मंगल एवं पत्नी कृष्णा देवी का रो रोकर बुरा हाल है।

Leave a comment