उरई | सिरसाकलार क्षेत्र में रंगदारी न देने पर दबंगों ने एक दलित किसान के साथ बुरी तरह मारपीट की और उसकी जेब से 1360 रूपये लूट ले गए | पीड़ित के मुताबिक़ हमलावरों का खानदानी आपराधिक इतिहास है | डकैतों के दौर में आरोपियों के परिजन  गिरोहों को  शरण दे कर उनका आंतक लोगों का शोषण करके कैश कराते रहे हैं |

       ग्राम टिकरी मुस्तकिल निवासी मुहर सिंह ने सिरसाकलार थाने में प्रार्थना पत्र दे कर आरोप लगाया कि गत 12 नवम्बर को रात में जब वह अपने ट्यूबवैल से लौट  रहा था रास्ते में गाँव के ही विनोद उर्फ़ मंगू और जीवन लाल उसे मिल गए जिन्होंने रोक कर उससे हफ्ता माँगा | पहले भी आरोपी धमका कर उससे रूपये ऐठते रहे हैं लेकिन इस बार उसने इनकार करने का साहस दिखा डाला तो दोनों आग बबूला हो गए और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उस पर टूट पड़े | पिटाई के दौरान उन्होंने उसकी जेब से जबरन 1360 रूपये निकाल लिए |

  एक समय टिकरी डकैत गिरोहों का गढ़ रहा है जहां के जंगलों में कई खूंखार डकैत डेरा डाले रहते थे | आरोपियों के परिजनों का इन गिरोहों से कनेक्शन रहा है इसलिए गाँव के शरीफ लोगों को दबंगी दिखा कर उनका शोषण करना इनके खून में शामिल है | उन्होंने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग पुलिस से की | पुलिस मामले की जांच कर रही है |    

Leave a comment