जालौन-उरई । बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर आ रहे ट्रक के चालक व परिचालक को बंधक बनाकर 40 हजार रुपये समेत ट्रक को लूटकर ले जाने के मामले में पुलिस कुछ संदिग्धों से पूछतांछ कर रही है। पुलिस शीघ्र ही मामले का खुलासा करेगी।
झांसी के चिरगांव से एक ट्रक मूंगफली लादकर फरूखाबाद के अल्लागंज में अनलोडिंग करनेे के लिए गया था। ट्रक में चालक मध्यप्रदेश के दतिया निवासी रामकिशोर एवं परिचालक दतिया के गुजर्रा निवासी कल्याण थे। अल्लागंज में ट्रक को खाली कर वह भाड़ा लेकर बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से वापस झांसी लौट रहे थे। 11 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे उनका ट्रक छिरिया सलेमपुर के पास किमी संख्या 205 पर पहुंचा। तभी पीछे से आ रहे कार सवार बदमाशों ने कार को आगे खड़ा कर ट्रक को रोककर चालक व परिचालक को बंधक बनाकर कार में डाल लिया। कार में उनकी मारपीट कर भाड़े के 40 हजार रुपये छीन लिए और दोनों को किमी संख्या औरैया की ओर पारेन गांव के पास चलती कार से फेंक दिया था। साथ ही बदमाश ट्रक लेकर औरैया की ओर भाग गए थे। ट्रक संचालक झांसी निवासी वसीम की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। उक्त मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को उठाया है। जिनसे पूछतांछ चल रही है। उक्त संदर्भ में सीओ उमेश पांडेय ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। संदिग्धों से पूछतांछ भी कर जा रही है। शीघ्र ही लूट के मामले का खुलासा किया जाएगा।





Leave a comment