उरई। एकीकरण समिति के तत्वावधान में मंगलवार को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की नायिका रानी लक्ष्मीबाई की अनन्य सहयोगी , उनके साथ फिरंगियों से लोहा लेेने के लिये कन्धे से कन्धा मिलाकर युद्ध लडने वाली वीरांगना झलकारी बाई की जयन्ती गरिमापूर्ण ढंग से धूमधाम के साथ मनाई गयी। इस दौरान टाउन हाल के सामने रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शोभा यात्रा का आगाज किया गया जो भगत सिंह चौराहा , भगत सिंह पार्क , घण्टाघर चौक , माहिल तालाब , पीली कोठी के रास्ते से गुजरती हुयी बस स्टैण्ड के समीप स्थित झलकारी बाई की प्रतिमा तक पहुंची जहां सभा में परिवर्तित हो गयी । इसमें वक्ताओं ने रानी लक्ष्मीबाई के साथ वीरांगना झलकारी बाई द्वारा ईस्ट इण्डिया कम्पनी की फौज से हुयी लडाई में दिखाये गये शौर्य का रोमांचक बखान किया।
एकीकरण समिति के तत्वावधान में 19 नवम्बर से 25 नवम्बर तक कौमी एकता सप्ताह जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी की अगुवाई में मनाया जा रहा है। जिसके क्रम में आज वीरागना झलकारी बाई की जयन्ती के जलसे को नारी सशक्तिकरण दिवस के रूप में मनाया गया । इस दौरान निकाली गयी शोभायात्रा में वीरांगना झलकारी बाई के रूप में सजी छात्रायें आगे आगे चल रही थी जिनके पीछे तिरंगा हाथ में लिये देश भक्ति के नारे लगाते स्कूली बच्चे और इसके बाद महिलायें थी। सबसे पीछे राजनीतिक नेता और सामाजिक कार्यकर्ता चल रहे थे। शोभायात्रा के आगे आगे सरस्वती वि़द्या मन्दिर के छात्रों का घोष अलग ही छटा बिखेर रहा था । बडी संख्या में एनसीसी के छात्र छात्राओं ने यूनीफॉर्म में शोभायात्रा में प्रतिभाग कर इसे और आकर्षक बना दिया।
शोभायात्रा का नेतृत्व और संयोजन शानदार ढंग से जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने किया। उनके निर्देशन में रास्ते भर सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियोे का उत्साहवर्धन किया । शोभायात्रा के रूट पर पडने वाली महापुरूषों शहीदे आजम भगत सिंह , भगत सिंह , सुखदेव और राजगुरू , महात्मा गांधी और सरदार पटेल की प्रतिमाओं पर पडाव करके जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने माल्यार्पण किया । बस स्टैण्ड पर शोभायात्रा के समापन के अवसर पर वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा पर तो माल्यार्पण की होड लग गयी।
टाउन हाल में शोभायात्रा के प्रस्थान के समय सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने भी उपस्थित होकर रानी लक्ष्मीबाई और वीरांगना झलकारी बाई को श्रद्धा निवेदित की । सेवा निवृत्त कस्टम कमिश्नर शम्भूदयाल आईआरएस , पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय चौधरी , नगर पालिका पार्षद लक्ष्मणदास बाबानी , जेडीसी बैंक संचालक युद्धवीर सिंह कंथरिया , डा0 कैलाश निरंजन, पूर्व बैंक प्रबंधक रमाकान्त त्रिपाठी, मिशन मोदी अगेन के जिलाध्यक्ष अशफाक लल्ला , संतोष गुप्ता , डा0 ममता स्वर्णकार , गरिमा पाठक , जिला पंचायत सदस्य पुष्पेन्द्र सिंह सेंगर आदि प्रमुख रूप से शोभायात्रा की कंूच में शामिल रहे ।
बस स्टैण्ड परिसर में इस उपलक्ष्य में हुयी सभा की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी , संचालन लक्ष्मणदास बाबानी ने किया । राजेन्द्र सिंह एट, विजय चौधरी , पूजा सिंह सेंगर आदि ने भी सभा को सम्बोधित किया । वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि प्रथम स्वाधीनता संग्राम विदेशी शासन के खिलाफ पहली जनक्रान्ति थी । इसमें वीरांगना झलकारी बाई द्वारा रानी लक्ष्मीबाई के प्रति दिखाई गयी अदम्य साहस के साथ दिखाई गयी वफादारी को भुलाया नहीं जा सकता । कहा कि अगर प्रथम स्वाधीनता संग्राम सफल हो जाता तो आज देश का इतिहास ही कुछ और होता ।








Leave a comment