जेडीसी के अध्यक्ष के लिये मुन्नू ताजपोशी के समय जिले की भाजपा के महाकुम्भ जैसा दृश्य , गुमनामी में धकेले जा चुके पार्टी की नींव के पत्थर कहे जाने वाले चेहरे भी हुये नमूदार


उरई । उदय सिंह पिण्डारी के आकस्मिक निधन के कारण रिक्त जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर शेष कार्यकाल के लिये भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह मुन्नू को निर्विरोध निर्वाचित कर लिया गया। इस दौरान भाजपा के सभी धडो के प्रमुख नेताओ का भारी जमावडा रहा । बाद में जिला सहकारी बैंक परिसर में ही विजय सभा आयोजित हुयी जिसमें वक्ताओं ने बृजभूषण सिंह मुन्नू की बेदाग छवि को सराहा और उम्मीद जाहिर की कि उनके नेतृत्व में ईमानदारी से काम कर बैंक को नई बुलन्दी पर पहुंचाया जा सकेगा।
       बृजभूषण सिंह मुन्नू भाजपा के तपेतपाये नेताओं में शुमार हैं। उनकी गिनती एक समय पार्टी के बुन्देलखण्ड में सबसे कददावर नेता माने जाने वाले बाबूराम दादा के खास सिपहसलारों में होती रही है। वे 2001 में जब राजनाथ सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे जिले में पार्टी की बागडोर सम्भाल चुके है। सत्तारूढ पार्टी के जिलाध्यक्ष होते हुये भी उन पर कभी कोई आरोप नहीं लगा ।  उस समय जिले में पार्टी की जडें मजबूत करने का भी श्रेय उन्होने बटोरा था। बाद में सम्बन्धों के निर्वाह के स्वभाव के कारण उनके सामने ऐसी राजनैतिक परिस्थितियां बन गयी कि उन्हें हाशिये पर धकेल दिया गया । हालांकि इस बीच जब पार्टी गर्दिश के सबसे बुरे दौर के गिरफ्त में आ गयी थी तब उन्होंने पार्टी के सम्मान की खातिर स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद का उम्मीदवार बनने का तत्कालीन नेतृत्व का आदेश शिरोधार्य कर अपने को बलि पर चढाने में हिचक नहीं दिखाई थी लेकिन यह वफादारी भी पार्टी में उनके उद्धार का द्वार नहीं खोल सकी । अब इतने लम्बे अन्तराल के बाद लगता है कि उनके दिन बहुरने का समय आ गया है। जिसकी वजह से पार्टी द्वारा उनको जेडीसी बैंक के अध्यक्ष का पदभार सौपने का फैसला ले लिया गया।
    हालांकि उनकी राह में रोडे अभी भी कम नहीं थे लेकिन उन्होने सभी   पुराने मनोमालिन्य भुलाकर सारे धडों के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं का विश्वास जीतने के लिये कडी मशक्कत की इसलिये आज नामांकन के समय इस निर्वाचन के तय चुनाव अधिकारी अपर जिलाधिकारी न्यायिक मोतीलाल यादव के समक्ष कोई अन्य दावेदार उनके सामने नामांकन करने नहीं आया । खास बात यह भी रही कि जिले में भाजपा की नींव रखने वाले नेता जो कई वर्षो से गुमनामी के अधेरे में समा चुके थे आज उनका समर्थन करने के लिये प्रकट हुये जिनमें पूर्व विधायक केशव सिंह सेंगर , पूर्व ब्लाक प्रमुख गोविन्द सिंह निरंजन , पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह गुर्जर उल्लेखनीय हैं । प्रोफेसर रविकान्त द्विवेदी , अवध शर्मा बब्बा , रामप्यारे पाण्डेय भी थे । केन्द्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा के पुत्र मनोज भान वर्मा , नदीगांव के कददावर युवा नेता अभिमन्यु सिंह डिम्पल , जगम्मनपुर से पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रमोद सिंह सेंगर , रामपुरा के नगर पंचायत अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह भी रहे। पूर्व संचालक युवराज सिंह , वर्तमान संचालकांे में राकेश तिवारी , हरीओम पाण्डेय , श्याम प्रकाश मिश्रा मामा , जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र पाण्डेय डग्गू , केन्द्रीय उपभोक्ता भण्डार के अध्यक्ष राकेश सिंह राजावत , सहकारिता के चाणक्य कहे जाने वाले सुनील सिंह सेगर लौना आदि की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। मुन्नू के अभिन्न मित्र महेश पाण्डेय , जिला बार संघ के पूर्व सचिव अरविन्द गौतम चच्चू , संजीव गुर्जर भी उत्साह बढाने के लिये मौजूद थे। भाजपा के जिलाध्यक्ष रामेन्द्र सिंह बना जी, पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह जादौन , छोटे सिंह चौहान , पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी , उदयन पालीवाल , नागेन्द्र गुप्ता ने भी सम्बोधन में मुन्नू की क्षमता और निष्ठा को सराहा। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी और सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने भी उपस्थित होकर मुन्नू की ताजपोशी पर खुशी जतायी । विजय सभा का संचालन युद्धवीर सिंह कंथरिया ने किया। 

Leave a comment