बीहड़ी गाँव में मजदूर की बेटी ने शिक्षा के क्षेत्र में चढी ऊंची पायदान, जवाहर नवोदय की प्रवेश परीक्षा में गाडा सफलता का झंडा

 उरई । शिक्षा के मुनाफे का  उद्योग बन जाने के युग में मजदूरी करने वाले परिवार की दुर्गम बीहड़ी अंचल के गाँव की वन कुसुम 11 वर्षीया चांदनी चौधरी की खुशबू आज जिले भर के गरीब अभिभावकों में अपने बच्चों के भविष्य को ले कर उमंग पैदा कर रही है  | हुआ यह है कि बिना किसी कोचिंग , ट्यूशन के प्रतिकूल माहौल में  उसने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की जवाहर नवोदय विद्यालय की  दुरूह  प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने का कमाल कर दिखाया है ।

    विकासखंड रामपुरा अंतर्गत ग्राम हमीरपुरा अनुसूचित जाति बाहुल्य गांव है। शिक्षा के नाम पर यहां एक प्राथमिक विद्यालय है जिसमें कमल सिंह प्रभारी प्रधानाध्यापक, रामाभिनंदन सहायक अध्यापक , मूलचंद शिक्षामित्र के रूप में शिक्षण कार्य कर रहे हैं । मजदूर व अशिक्षित जन जीवन बाहुल्य इस गांव में अभिभावकों को अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए  प्रेरित करने  की चुनौती  दुष्कर थी लेकिन समाज के बदलते परिवेश में अब युवा अध्यापक एवं जागरूक माता-पिता किसी भी तरह अपनी संतानों को शिक्षा में  ऊंचा मुकाम दिलाने की ललक संजोने लगे हैं| इसी के चलते  ग्राम हमीरपुरा (जगम्मनपुर) निवासी मंगल सिंह चौधरी व उनकी सुशिक्षित पत्नी ने अपनी बच्ची चांदनी को गांव के प्राथमिक विद्यालय हमीरपुरा में ही दाखिला दिला कर मजदूरी के बाद समय बचने पर स्वयं घर में लगन के साथ पढ़ने के जबे से ओतप्रोत किया परिणाम स्वरूप केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2022 में चांदनी चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कक्षा 6 में प्रवेश प्राप्त कर लिया है । अपनी पुत्री चांदनी की सफलता से जहां माता-पिता प्रसन्न हैं  वही हमीरपुरा विद्यालय के शिक्षक भी हर्षित हैं । खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने छात्रा चांदनी चौधरी को उज्जवल भविष्य की शुभकामना देते हुए कहा कि चांदनी ने मुझे व हमारे शिक्षक साथियों  तथा अपने माता-पिता को गौरवान्वित किया है। भाजपा रामपुरा मंडल अध्यक्ष प्रमोद कठेरिया, मंडल प्रभारी डॉ शिवनाथ सिंह (वावली) ने हमीरपुरा विद्यालय पहुंचकर छात्रा चांदनी चौधरी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पिता मंगल सिंह को बधाई दी।

Leave a comment