ग्राम सभा की खुली बैठक में कई प्रस्ताव पारित

उरई | यूनोप्स एवम ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत कुसमरा बावनी, खुटमिली में ग्राम पंचायत विकास योजना ( जीपीडीपी)  के तहत ग्रामसभा की खुली बैठक आयोजित की गई। इसमें ग्राम पेयजल शिक्षा समिति एवं अन्य समितियों द्वारा अपने अपने मुद्दे से संबंधित कार्ययोजना को प्रस्तुत किया गया ।  जिसके बाद ग्रामसभा के द्वारा इन प्रस्तावित कार्यों का अनुमोदन किया गया। इस प्रकार से ग्रामीणों द्वारा अपने गांव की योजना ग्राम पंचायत विकास योजना बनाई गई। 

इस अवसर पर जल जीवन मिशन हर घर नल योजना में काम कर रहे यूनोप्स के जिला सलाहकार देवेन्द्र गाँधी ने कहा  कि सभी लोग मिलकर के अपने गांव की योजना बनाएं  और उसके क्रियान्वयन में सहयोग करें । उन्होंने कहा कि हर घर गुणवतापूर्ण पीने का पानी उपलब्ध कराने हेतु नमामि गंगे योजना संचालित की जा रही है। जिसके तहत प्रत्येक घर पर  टैप कनेक्शन लगाए जा रहे हैं जिससे 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के मानक अनुसार पीने का पानी मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि पानी की बचत और पानी स्रोतों के  स्थायित्व के लिए जरूरी है कि हम ज्यादा से ज्यादा जल संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करें। तालाब गहरीकरण, जलभराव बांध, मेडबंधी आदि इसके सफल मॉडल है । इनके द्वारा हम गिरते भूजल स्तर में सुधार लाकर पेयजल स्रोतों के स्थायित्व की दिशा में काम कर सकेंगे । उन्होंने कहा गांव को साफ सुथरा बनाने के लिए ग्रे वाटर प्रबंधन करना जरूरी है। 

ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मनोज कुमार वर्मा द्वारा लोगों को बताया गया कि गांव में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर अपने गांव की योजना आज बनाई जा रही है। राज्य वित्त आयोग, केंद्रीय वित्त आयोग और  पंचायत के संसाधनों से मिलने वाली राशि को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत विकास योजना बनाई जाती है। इस दौरान ग्रामसभा ने  खुली नालियों की जगह बंद नालिया बनाने, सोकपिट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर, जलभराव बांध, तालाब गहरीकरण, ग्रे वाटर प्रबंधन जैसे कार्य प्राथमिकता से करवाए जाने का निर्णय लिया गया।  

खुटमिली ग्राम प्रधान जयराम कुशवाहा ने कहा कि जल संरक्षण और जल संवर्धन की दिशा में सोचना होगा। 

कुसमरा  बावनी प्रधान संतोषी  कुशवाहा ने कहा कि लोगों को जल संरक्षण, जल की बचत  जैसे विषयों पर जागरूक किया जाएगा। 

Leave a comment